उज्जैन, 2 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को जिला चिकित्सालय (चरक भवन), उज्जैन में जिला स्तरीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर जनप्रतिनिधि की उपस्थिति में प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चलेगा। यह जानकारी सिविल सर्जन डॉ. संगीता पलसानिया ने दी। उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न रोगों से ग्रस्त मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।

मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, जाँच एवं उपचार की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। आवश्यकतानुसार आगे के उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के लिए उचित मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। डॉ. पलसानिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आमजन को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नज़रअंदाज़ न करें और समय पर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्राप्त करें।