सेवा संकल्प अभियान एवं नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा 02 से 08 अक्टूबर तक मध निषेध सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर “नशे से मुक्ति है जरूरी” विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन विभिन्न स्थानों पर किया गया। नगर निगम रतलाम में बाजना बस स्टैंड, त्रिपोलिया गेट, मऊ बस स्टैंड, डालू मोदी बाजार आदि पर किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
नुक्कड़ नाटक में “व्यसन के राक्षस” के माध्यम से तंबाकू, गुटखा, पान, शराब एवं ड्रग्स जैसे नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। नशे की लत किस प्रकार व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार की खुशहाली और सामाजिक वातावरण को प्रभावित करती है तथा सामाजिक बुराइयों को बढ़ावा देती है, इसका जीवंत चित्रण किया गया।
खास बातें
- नशे की लत किस प्रकार व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार की खुशहाली और सामाजिक वातावरण को प्रभावित करती है तथा सामाजिक बुराइयों को बढ़ावा देती है, इसका जीवंत चित्रण किया गया।
- नाटक के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि नशे की समस्या से बाहर निकलने के लिए व्यक्ति को परिवार, समाजसेवियों, नशामुक्ति केंद्रों तथा हेल्पलाइन की सहायता लेनी चाहिए।
- समय पर उपचार, परामर्श और परिवार एवं समाज के सहयोग से नशे की आदत को छोड़ा जा सकता है।
नाटक के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि नशे की समस्या से बाहर निकलने के लिए व्यक्ति को परिवार, समाजसेवियों, नशामुक्ति केंद्रों तथा हेल्पलाइन की सहायता लेनी चाहिए। समय पर उपचार, परामर्श और परिवार एवं समाज के सहयोग से नशे की आदत को छोड़ा जा सकता है। आमजन से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। साथ ही नशामुक्ति गीतों की प्रस्तुति के माध्यम से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। गीत एवं नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की उप संचालक श्रीमती संध्या शर्मा, नशा मुक्त भारत अभियान के नोडल अधिकारी श्री रत्नेश विजयवर्गीय, विभागीय स्टाफ सुश्री रोशनी हिरवे, श्री अनु सिंह डामर एवं श्री ओमप्रकाश आर्य, समाजसेवी श्री अशोक अग्रवाल तथा सृष्टि समाज सेवा समिति के श्री सतीश टांक सहित अन्य उपस्थित रहे।
देवेन्द्र भदौरिया एवं ग्रुप द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक में प्रभावी संवाद, अभिनय एवं गीतों के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने तथा स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया गया।




