मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने धामनोद पहुंचकर नीरज फूड इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण किया। उन्होंने उद्योग में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी ली।
नीरज फूड इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड रतलाम जिले में अचार, मुरब्बा, बड़ी एवं मसाला निर्माण की प्रमुख इकाई है। इकाई में विभिन्न प्रकार के अचार, मुरब्बा, बड़ी, मसाले तथा आंवला कैंडी का निर्माण किया जाता है।
इकाई के उत्पादों की आपूर्ति देश के विभिन्न हिस्सों में होने के साथ-साथ विदेशों में भी निर्यात किया जाता है। इकाई वर्ष 2022 से संचालित है। इसकी स्थापना में लगभग 13 करोड़ रुपए का निवेश किया गया है। वर्तमान में उद्योग के माध्यम से लगभग 250 लोगों को रोजगार मिल रहा है।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने उद्योग की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।




