11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” के अंतर्गत कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह के मार्गदर्शन एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. बिंदु ध्रुव के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं जिला आयुष विभाग द्वारा जामा मस्जिद के पास वार्ड क्रमांक 24 एवं 25 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर विशाल निःशुल्क आयुर्वेद सर्व रोग चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला आयुष अधिकारी डॉ. बिंदु ध्रुव, उपस्थित अतिथिगण एवं स्थानीय पार्षद द्वारा भगवान धन्वंतरि का पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

खास बातें

  • कार्यक्रम का शुभारंभ जिला आयुष अधिकारी डॉ. बिंदु ध्रुव, उपस्थित अतिथिगण एवं स्थानीय पार्षद द्वारा भगवान धन्वंतरि का पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
  • कुल 204 लाभार्थियों ने निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
  • शिविर में महिलाओं, पुरुषों, बालकों एवं बालिकाओं सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।

शिविर में जिला आयुर्वेद चिकित्सालय के चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों से संबंधित निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं औषधि वितरण किया गया। मौसमी बीमारियों, डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, त्वचा रोग, पेट संबंधी रोग, पैरालिसिस तथा बालिकाओं एवं महिलाओं से संबंधित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं का उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया।

शिविर में डॉ. कैलाशचंद्र मालवीय, डॉ. कमलेश धनोतिया, डॉ. शिल्पा मंडवारिया एवं डॉ. मोनिका यादव द्वारा अपनी सेवाएं प्रदान की गईं। चिकित्सकों ने मरीजों को उपचार एवं औषधियों के साथ-साथ आयुर्वेदिक जीवनशैली, संतुलित आहार-विहार, योगासन एवं स्वस्थ दैनिक दिनचर्या के संबंध में भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

शिविर में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कुल 204 लाभार्थियों ने निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में महिलाओं, पुरुषों, बालकों एवं बालिकाओं सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।

आयुष विभाग द्वारा आयोजित शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन तक आयुर्वेद चिकित्सा एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश पहुंचाना तथा लोगों को सहज एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।