राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित एमआर अभियान के तहत गुरुवार को विकासखंड किरनापुर के बैगा बाहुल्य ग्राम कसांगी एवं कुआगोंदी में स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांवों में पहुंचकर बच्चों के टीकाकरण, स्वास्थ्य सेवाओं और पोषण की स्थिति का जायजा लिया। जिला टीकाकरण अधिकारी श्री परितोष शुक्ला, बीएमओ किरनापुर डॉ. आयुषी राउत एवं बीसीएम श्री संतोष सोनेकर ने दोनों ग्रामों का भ्रमण किया।

इस दौरान बैगा समुदाय के बच्चों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। बच्चों को कपड़ों का वितरण करने के साथ पोषण आहार भी प्रदान किया गया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों के टीकाकरण पर विशेष ध्यान दिया। ग्राम कसांगी में 123 और ग्राम कुआगोंदी में 35 बच्चों का एमआर टीकाकरण किया गया।

इस प्रकार दोनों ग्रामों में कुल 158 बच्चों को एमआर का टीका लगाया गया। इसके अतिरिक्त ग्राम कुआगोंदी में 2 बच्चों को बीसीजी तथा 2 बच्चों को एमआर-2 का टीका लगाया गया। वहीं ग्राम कसांगी में 1 बच्चे को पेंटावैलेंट-2 और 1 बच्चे को एमआर-1 का टीका लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों एवं अभिभावकों को बच्चों के समय पर टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और संतुलित पोषण के महत्व की जानकारी दी।

साथ ही अभियान के दौरान छूटे हुए टीकों को पात्र बच्चों को लगवाने के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया गया। इस दौरान सीएचओ रीना वैध, एएनएम रत्ना तांडेकर एवं आशा ललिता मरकाम ने भी स्वास्थ्य गतिविधियों में सहयोग किया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में निवासरत बच्चों तक स्वास्थ्य, टीकाकरण और पोषण सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है।

इसी उद्देश्य से मैदानी स्तर पर नियमित रूप से स्वास्थ्य गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, ताकि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एमआर अभियान के तहत आगामी दिनों में भी ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी गतिविधियां निरंतर संचालित की जाएंगी।