प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने “सेवा संकल्प अभियान” 2026 के तहत सोमवार को जिले के ग्राम कैलोद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने शिविर का अवलोकन भी किया।
उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि शासन द्वारा “सेवा संकल्प अभियान” संचालित किया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश भर में स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ मिलें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से नागरिकों की नि:शुल्क जांचे कर उन्हें आवश्यक सलाह दी जा रही है।
खास बातें
- शिविर में 316 से अधिक मरीजों का ओपीडी पंजीयन कराया।
- आईसीटीसी के अंतर्गत 66 संभावितों की जांच तथा हेपेटाइटिस एवं सिफिलिस के लिए भी 66 संभावितों की जांच की गई।
- शिविर में 5 नए हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई तथा 304 मरीजों की रक्त शर्करा की जांच की गई।
उन्होंने नागरिकों से कहा कि इन शिविरों का लाभ उठाकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराना चाहिए। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आयुष्मान योजना प्रारंभ की इस योजना से नागरिकों का नि:शुल्क उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरोठा एवं निजी चिकित्सालय के चिकित्सकों ने दंत रोग एवं कैंसर, आंखों की जांच, गर्भाशय का कैंसर एवं स्तन कैंसर स्क्रीनिंग एवं जांच की।
शिविर के दौरान विधायक श्री मनोज चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार के वृहद स्वास्थ्य शिविरों को जनस्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इस प्रकार के शिविर में माध्यम से ग्रामीणों की जांच कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। शिविर में आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन पहुंचे और विभिन्न विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं एवं जांच सुविधाओं का निःशुल्क लाभ लिया।
शिविर में हृदय रोग, स्त्री रोग, जनरल मेडिसिन, हड्डी रोग, नेत्र रोग, दंत रोग तथा नाक-कान-गला रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही स्तन कैंसर, सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर एवं मुख कैंसर की स्क्रीनिंग, रक्तदान, मलेरिया, हेपेटाइटिस, सिफिलिस एवं टीबी की जांच, टीकाकरण, रक्त शर्करा जांच तथा एक्स-रे सहित अनेक स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में 316 से अधिक मरीजों का ओपीडी पंजीयन कराया। इसके तहत रक्तदान एवं आवश्यक जांचों के लिए 72 लोगों से रक्त के नमूने संग्रहित किए गए। आईसीटीसी के अंतर्गत 66 संभावितों की जांच तथा हेपेटाइटिस एवं सिफिलिस के लिए भी 66 संभावितों की जांच की गई। 12 मलेरिया जांच की गईं तथा 350 से अधिक हितग्राहियों का एनसीडी पोर्टल पर विभिन्न जांचों का डाटा अपडेट किया गया।
शिविर में 5 नए हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई तथा 304 मरीजों की रक्त शर्करा की जांच की गई। एआई हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से 120 एक्स-रे जांच की गईं। टीबी की संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग के अंतर्गत 31 संभावित टीबी मरीजों के खखार (स्पुटम) सैंपल ट्रूनेट जांच हेतु संग्रहित किए गए।
महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष ध्यान देते हुए 120 से अधिक महिलाओं की सर्वाइकल/गर्भाशय ग्रीवा कैंसर स्क्रीनिंग की गई तथा संबंधित जानकारी की पोर्टल पर प्रविष्टि की गई। इसके साथ ही स्तन एवं मुख कैंसर की स्क्रीनिंग भी की गई।
शिविर के आयोजन में निजी अस्पताल ने भी अपनी सेवाएं दी। निजी संस्थान की ओर से चार मोबाइल मेडिकल वैन उपलब्ध कराई गईं, जिनके माध्यम से नेत्र परीक्षण, मुख एवं मुख कैंसर की स्क्रीनिंग, दंत परीक्षण, सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग तथा स्तन कैंसर स्क्रीनिंग की सेवाएं प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त संस्थान की ओर से विभिन्न चिकित्सा विधाओं के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं भी हितग्राहियों को निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं, कैंसर की प्रारंभिक स्क्रीनिंग, टीबी एवं अन्य संक्रामक रोगों की जांच, एनसीडी स्क्रीनिंग तथा आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षणों की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन लाभान्वित हुए।
उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने गौपूजन कर एवं वृक्षारोपण किया
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा एवं हाटपीपल्या विधायक श्री मनोज चौधरी ने जिला जेल देवास परिसर स्थित आदर्श गौशाला में गौपूजन एवं वृक्षारोपण किया। उल्लेखनीय है कि जिले में सेवा संकल्प अभियान मनाया जा रहा है। इसके लिए जिलेभर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है।


