मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत पांचवां कार्यक्रम शुक्रवार को उचेहरा जनपद पंचायत के सभागार में जन संवाद, जनसुनवाई, उद्योग संवाद की गतिविधियों के साथ आयोजित किया गया। इस मौके पर प्रत्यक्ष जनसुनवाई में 130 आवेदनों की समस्यायें सुनी गई तथा विकासखण्ड में पूर्व की लंबित 2389 कुल सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में से 1821 शिकायतों का मौके पर निराकरण किया गया।
इसके पूर्व जिला मुख्यालय सतना के कलेक्ट्रेट परिसर से कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, डीएफओ मयंक चांदीवाल, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सहित जिला विभाग प्रमुख अधिकारी एक वाहन (ट्रेवलर) में बैठकर उचेहरा के लिए रवाना हुए।
खास बातें
- जनसुनवाई में 130 आवेदकों की समस्यायें सुनी गई और 1821 सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का निराकरण विभागीय अधिकारियों द्वारा किया गया।
- शिविर के पूर्व विकासखण्ड उचेहरा में सभी विभागों की कुल 2389 सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें लंबित थी।
- प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 95 प्रतिशत का कवरेज भी किया गया।
उचेहरा पहुंचकर जनपद पंचायत के सभाकक्ष में कलेक्टर, एसपी और डीएफओ सहित विभाग प्रमुख अधिकारियों ने अपने विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का निराकरण किया तथा स्थानीय स्तर पर जनसुनवाई में आये लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कार्यक्रम में सांसद गणेश सिंह, विधायक नागौद नागेन्द्र सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष निरंजन प्रजापति, जिला पंचायत सदस्य ज्ञानेन्द्र सिंह, एसडीएम सुभाष मिश्रा, सीईओ जनपद पंचायत ओपी अस्थाना, अरूण द्विवेदी, सोमनाथ ताम्रकार सहित विभिन्न विभागों के जिला विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत उचेहरा के कार्यक्रम में कलेक्टर ने हितग्राही मूलक स्वरोजगार और रोजगार की योजनाओं की विभागीय अधिकारी तथा बैंकर्स के साथ बैठक संपन्न हुई बैठक के निर्णयों की समीक्षा की। विभागों को लक्ष्यानुसार प्रकरणों में ऋण स्वीकृत और वितरण की कार्यवाही करने के निर्देश दिये। समीक्षा के उपरांत उन्होंने विभाग प्रमुख अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण के लिए भेजकर अधीनस्थ संस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने कहा कि निरीक्षण के दौरान वस्तु स्थिति और पाई गई कमियों के बारे में संबंधित विभागीय अधिकारी अपना प्रतिवेदन शनिवार की दोपहर तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। अभियान के दौरान सभी विभागों ने उनके यहां लंबित सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का मौके पर संतुष्टिपूर्ण निराकरण की कार्यवाही की। जनसुनवाई में 130 आवेदकों की समस्यायें सुनी गई और 1821 सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का निराकरण विभागीय अधिकारियों द्वारा किया गया।
शिविर के पूर्व विकासखण्ड उचेहरा में सभी विभागों की कुल 2389 सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें लंबित थी। जिनमें 1821 शिकायतों की मौके पर निराकरण के पश्चात 568 शिकायतें शेष रही है। सीएम हेल्पलाइन के निराकरण में उचेहरा तहसील का प्रदेश स्तर पर 17वां स्थान रहा है। उन्होंने बताया कि उद्यम संवाद और बीएलबीसी की बैठक के पश्चात बैंकों ने परसमनिया क्षेत्र के 80 गांव में 10 बैंक कियोस्क स्थापित करने की सहमति दी है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 95 प्रतिशत का कवरेज भी किया गया। जनसंवाद के दौरान संभागीय यंत्री विद्युत ओमेन्द्र सिंह ने बताया कि उचेहरा और बिहटा के दो वितरण केन्द्रों में क्रमशः 16 और 18 फीडर स्वीकृत है। इस क्षेत्र में 100 डीटीआर में क्षमता वृद्धि की गई है।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान जन कल्याण की दिशा में अनूठी पहल-सांसद गणेश सिंह
उचेहरा के मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में शामिल सतना सांसद गणेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन कल्याण और लोगों की समस्याओं का निराकरण मौके पर करने के लिए पूरे प्रदेश में शुरू किया गया जन विश्वास अभियान जन कल्याण की दिशा में अनूठी पहल है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई सहित सीएम हेल्पलाइन, समाधान और अन्य अनेक फोरम जनता के समस्याओं को सुनने और निराकरण के लिए उपलब्ध है। लोकतंत्र में जनता के प्रति सरकार की जो जिम्मेदारी होनी चाहिए। उसे बखूबी निभाने का प्रयास सरकार ने किया है। सांसद ने कहा कि अभियान में प्राप्त शिकायतें लंबित नहीं रहे और आमजन के नहीं हो सकने वाले कार्यो की सूचना संबंधित आवेदक को अवश्य दी जाये।
सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियां निभायें-विधायक नागेन्द्र सिंह
विधायक नागौद और पूर्व मंत्री नागेन्द्र सिंह ने कहा कि सभी जिला अधिकारी अपने विभाग के तहसील और विकासखण्ड स्तर के कार्यालयों और संस्थाओं का नियमित भ्रमण करें और मैदानी स्तर पर योजनाओं का क्रियान्वयन भी देखे। शासन और प्रशासन के समन्वय से ही आमजन की समस्याओं को दूर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में श्रेष्ठ प्रशासनिक व्यवस्था कायम रखने के लिए मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अपने उद्देश्यों में सफल रहेगा।

