मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को बिलहरी में आयोजित जनसंवाद एवं समस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए अपनी बात सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का प्रभावी मंच बना। शिविर में कोई अपनी समस्या लेकर पहुंचा, तो कोई उम्मीद लेकर और कोई इस भरोसे के साथ आया कि उसकी बात सुनी जाएगी। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर प्रत्येक आवेदक से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
शिविर में 159 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री तिवारी ने आवेदकों की समस्याओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समस्या का वास्तविक समाधान हो कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों को केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन के पीछे किसी व्यक्ति की जरूरत, उम्मीद और विश्वास जुड़ा होता है। इसलिए समस्या का वास्तविक समाधान ही शिविर की सफलता का पैमाना होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान ग्रामीण एक-एक कर अपनी समस्याएं बताते रहे और प्रशासनिक अधिकारी संबंधित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करते रहे। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और बढ़ा। हितग्राहियों को ऋण वितरण, व्यापार बढ़ाने की जगी उम्मीद शिविर में पीएम विश्वकर्मा एवं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के हितग्राहियों को कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा ऋण वितरित किए गए।
बिलहरी निवासी शेख शहीद, फूलसिंह एवं मनोहर बर्मन को योजना का लाभ मिला। हितग्राहियों ने बताया कि ऋण की सहायता से वे अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ाने तथा अपनी आय में वृद्धि करने की दिशा में काम करेंगे। शिविर में एसपी श्री अभिनव विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद सदस्य, सरपंच, पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

