मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जनपद पंचायत गोटेगांव की ग्राम पंचायत करेलीकलां में शुक्रवार को जन संवाद शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश सहित विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन मौजूद थे। फार्मर आईडी, श्रम योगी मान-धन एवं पशुपालन योजनाओं की दी जानकारी

जन संवाद के दौरान कलेक्टर श्रीमती सिंह ने किसानों को फार्मर आईडी के महत्व एवं इसके लाभ की जानकारी दी। उन्होंने पात्र किसानों से फार्मर आईडी बनवाने का आग्रह किया। उन्होंने प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना की जानकारी देते हुए पात्र श्रमिकों को पंजीयन कराकर योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी और पशुपालकों से पात्रतानुसार इन योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।

खास बातें

  • जन संवाद शिविर में 9 स्व-सहायता समूहों को कुल 30 लाख रुपये की ऋण राशि के चेक वितरित किए गए।
  • वहीं पशुपालन विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 7 हितग्राहियों को कुल 7 लाख 94 हजार 224 रुपये की सहायता प्रदान की गई।
  • कुल 154 लोगों का जनरल ओपीडी में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें 80 पुरुष एवं 74 महिलाएं शामिल थीं।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। शिविर में ग्रामीणों द्वारा विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित 34 आवेदन प्रस्तुत किए गए।

9 स्व-सहायता समूहों को मिले 30 लाख रुपये के ऋण चेक

जन संवाद शिविर में 9 स्व-सहायता समूहों को कुल 30 लाख रुपये की ऋण राशि के चेक वितरित किए गए। वहीं पशुपालन विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 7 हितग्राहियों को कुल 7 लाख 94 हजार 224 रुपये की सहायता प्रदान की गई। इनमें आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन योजना, समुन्नत पशु प्रजनन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना, 10+1 बकरी इकाई योजना एवं किसान क्रेडिट कार्ड योजना के हितग्राही शामिल रहे। इसी प्रकार 2 मछुआ हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 20-20 हजार रुपये की राशि का वितरण किया गया। इस अवसर पर मरीजों को नियमित उपचार लेने, पौष्टिक आहार का सेवन करने के लिए प्रेरित किया।

स्वास्थ्य शिविर में 154 लोगों की हुई जांच

जन संवाद शिविर के साथ आयोजित स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों को मौके पर ही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कुल 154 लोगों का जनरल ओपीडी में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें 80 पुरुष एवं 74 महिलाएं शामिल थीं। शिविर में 95 लोगों की एनसीडी जांच, 4 पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, 110 लोगों का एक्स-रे तथा 30 लोगों की पैथोलॉजी जांच की गई। इसके अलावा 95 लोगों की हेपेटाइटिस एवं एचआईवी जांच, 10 लोगों का स्पुटम कलेक्शन तथा 121 लोगों की शुगर जांच की गई। जांच कराने वालों में हेपेटाइटिस एवं एचआईवी जांच के लिए 42 पुरुष एवं 53 महिलाएं शामिल रहीं।

पशुओं का उपचार और टीकाकरण भी किया गया

इस अवसर पर पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को मौके पर ही पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। विभाग द्वारा 117 पशुओं का उपचार, 294 पशुओं का टीकाकरण, 40 पशुओं का व्हीबीजीआरजी चिन्हांकन तथा 69 पशुओं को दवा वितरण किया गया। इसके साथ ही 13 पशुओं का बांझ उपचार एवं 3 पशुओं का गर्भ परीक्षण किया गया।

विभागीय स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी

जन संवाद शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को अपने-अपने विभाग की योजनाओं, पात्रता एवं लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी। पात्र हितग्राहियों का मौके पर पंजीयन भी किया गया, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

आधार शिविर में 51 नागरिकों के आधार संबंधी कार्य किए गए

जन संवाद शिविर में ग्रामीणों को आधार संबंधी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान 16 नागरिकों के नवीन आधार कार्ड बनाए गए तथा 35 नागरिकों के आधार कार्ड में संशोधन किया गया। इस प्रकार शिविर में कुल 51 आधार संबंधी कार्य किए गए।

नुक्कड़ नाटक से साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति का संदेश

कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। कलाकारों ने ऑनलाइन ठगी से बचने, संदिग्ध लिंक, कॉल अथवा संदेश पर व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने तथा साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। नशामुक्ति पर आधारित प्रस्तुति के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया गया।