जिला रोजगार अधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में सुरक्षा सैनिक एवं औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार के लिए भर्ती शिविर आयोजित होंगे मंदसौर जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय के सहयोग से जिले के ग्रामीण एवं शहरी शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न भर्ती कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एसआईएस द्वारा सुरक्षा सैनिक भर्ती तथा ग्लोबल मेनपॉवर एण्ड प्लेसमेंट सर्विसेस, साणंद, अहमदाबाद (गुजरात) द्वारा ऑटोमोबाइल क्षेत्र में वायरिंग हार्नेस निर्माण से संबंधित रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
एसआईएस द्वारा जिले में सुरक्षा सैनिक भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत 15 सितम्बर 2026 को शासकीय आई.टी.आई. भानपुरा तथा 16 सितम्बर 2026 को शासकीय आई.टी.आई. मल्हारगढ़ में भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। भर्ती शिविरों का समय प्रातः 11:00 बजे से शाम 3:30 बजे तक रहेगा।
खास बातें
- भर्ती शिविरों का समय प्रातः 11:00 बजे से शाम 3:30 बजे तक रहेगा।
- सुरक्षा सैनिक भर्ती हेतु 10वीं उत्तीर्ण व 19 से 40 वर्ष आयु तथा न्यूनतम 168 सेंटीमीटर ऊंचाई वाले इच्छुक अभ्यर्थी पात्र होंगे।
- पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 10वीं, 12वीं एवं ITI उत्तीर्ण तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए 8वीं, 10वीं एवं ITI उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे।
सुरक्षा सैनिक भर्ती हेतु 10वीं उत्तीर्ण व 19 से 40 वर्ष आयु तथा न्यूनतम 168 सेंटीमीटर ऊंचाई वाले इच्छुक अभ्यर्थी पात्र होंगे। अभ्यर्थियों को अपने साथ 10वीं की अंकसूची की छायाप्रति एवं दो फोटो लाना आवश्यक होगा। चयनित युवाओं को नीमच में एक माह का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के उपरांत चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न औद्योगिक एवं प्रतिष्ठित संस्थानों में सुरक्षा सेवाओं में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए www.ssciindia.com पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। संपर्क हेतु दर्शन सिंह गुर्जर - 96943 71137 एवं दिग्विजय सिंह राजपूत - 96448 58553 से संपर्क किया जा सकता है।
इसी प्रकार ग्लोबल मेनपॉवर एण्ड प्लेसमेंट सर्विसेस, साणंद, अहमदाबाद (गुजरात) द्वारा कारों के वायरिंग हार्नेस निर्माण से संबंधित कंपनी में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। भर्ती में पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के अनुसार भाग ले सकते हैं। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 10वीं, 12वीं एवं ITI उत्तीर्ण तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए 8वीं, 10वीं एवं ITI उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। आयु सीमा 18 से 26 वर्ष निर्धारित है।
जिला रोजगार कार्यालय द्वारा जिले के समस्त इच्छुक बेरोजगार युवाओं से अपील की गई है कि वे अपनी शैक्षणिक योग्यता एवं पात्रता के अनुसार इन रोजगार अवसरों का लाभ उठाएं तथा निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर भर्ती प्रक्रिया में भाग लें।


