जिला रोजगार अधिकारी द्वारा बताया गया कि कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह के मार्गदर्शन एवं नर्देशन में जिला रोजगार कार्यालय मंदसौर एवं जिला प्रशासन द्वारा शासकीय आईटीआई भानपुरा में जिला मंदसौर में “युवा संगम (रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला)” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ लीड बैंक मैनेजर श्री संजय कुमार मोदी, प्राचार्य शासकीय आईटीआई भानपुरा श्री राकेश कर्मा एवं जिला रोजगार अधिकारी श्री मुकेश मौर्य द्वारा किया गया। आयोजित मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराए गए। मेले में कुल 160 अभ्यर्थियों द्वारा पंजीयन कराया गया, जिनमें से 85 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किया गया।
मेले में कुल 08 कंपनियों द्वारा सहभागिता की गई, जिनमें—होंडा मोटरसाइकिल, गेल इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल, गुना, अहमदाबाद,टैको प्रेस्टोलाइट इलेक्ट्रिक प्राइवेट लिमिटेड, चाकन, पुणे, टाटा गोशन ग्रीन एनर्जी सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, चाकन, पुणे,आद्विक हाईटेक प्राइवेट लिमिटेड, चाकन, पुणे, मिंडा इंडस्ट्रीज लिमिटेड / यूनो मिंडा, चाकन, पुणे, ओटर कंट्रोल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, शामिल रहीं।
मेले में उपस्थित कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता एवं तकनीकी दक्षता के आधार पर पंजीयन, साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया संपादित की गई। मेले के माध्यम से जिले के युवाओं को प्रतिष्ठित औद्योगिक प्रतिष्ठानों में रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया गया। जिला रोजगार कार्यालय द्वारा बताया गया कि इस प्रकार के रोजगार मेलों के माध्यम से जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप रोजगार से जोड़ने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।


