मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना युवाओं के सपनों को साकार करने में मील का पत्थर साबित हो रही है। ऐसी ही सफलता की कहानी है नाना बाजार, आगर निवासी श्री मनोज कुमार राठौर की।
मनोज बताते हैं कि वे लंबे समय से स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बनना चाहते थे, लेकिन पूंजी और संसाधनों की कमी के कारण उनका सपना अधूरा था। इसी दौरान उन्हें मध्य प्रदेश शासन की मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की जानकारी मिली। योजना की सरल प्रक्रिया और कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा से प्रेरित होकर उन्होंने जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र से संपर्क कर जनरल स्टोर व्यवसाय के लिए आवेदन किया। उनका आवेदन स्वीकृत होने पर नर्मदा झाबुआ ग्रामीण बैंक, आगर-मालवा से 1.50 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ।
इस सहायता से मनोज ने अपना जनरल स्टोर स्थापित किया और आज वे सफलतापूर्वक अपना रोजगार संचालित कर परिवार का भरण-पोषण सम्मानपूर्वक कर रहे हैं। हितग्राही मनोज कुमार राठौर ने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।




