सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वाराणसी से बड़नगर की ओर जा रही सेवा संकल्प यात्रा का 26 सितम्बर को विदिशा जिले के नटेरन विकासखंड में आगमन हुआ। यात्रा के ग्राम जोहद पहुंचने पर स्थानीय विधायक श्री सूर्य प्रकाश मीणा व अन्य जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं नागरिकों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को योजनाओं के तहत हितलाभ का वितरण किया गया।
ग्राम जोहद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के संदेश को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम के पश्चात सेवा संकल्प यात्रा नटेरन पहुंची, जहां यात्रा के सदस्यों का स्थानीय स्तर पर स्वागत किया गया और रात्रि विश्राम किया गया।
महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सेवा संकल्प यात्रा के अगले चरण में 27 सितम्बर को प्रातः 9 बजे शासकीय महाविद्यालय नटेरन में यात्रा के सदस्यों द्वारा पौधारोपण किया गया। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के निर्माण का संदेश दिया गया। यात्रा से जुड़े सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।
इसके पश्चात सेवा संकल्प यात्रा ग्राम पीपलधार के लिए रवाना हुई। यहां प्रातः 11 बजे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘ मन की बात ’ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण यात्रा के सदस्यों एवं उपस्थित नागरिकों द्वारा सामूहिक रूप से सुना गया। इस दौरान प्रधानमंत्री जी द्वारा देशवासियों से साझा किए गए विभिन्न विषयों एवं संदेशों को उपस्थित लोगों ने सुना।
स्वास्थ्य परीक्षण शिविर और स्वच्छता जागरूकता गतिविधियां आयोजित
ग्राम पीपलधार में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
इसी क्रम में स्वच्छता अभियान के अंतर्गत शासकीय विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
नटेरन विकासखंड में सेवा संकल्प यात्रा के दौरान हितलाभ वितरण, पौधारोपण, ‘ मन की बात ’ का सामूहिक श्रवण, स्वास्थ्य परीक्षण तथा स्वच्छता जागरूकता जैसी गतिविधियों के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों के उपरांत सेवा संकल्प यात्रा ग्राम पीपलधार से विदिशा विकासखंड के लिए रवाना हो गई।


